कलेक्टर ने किया जिला जेल का निरीक्षण - newswitnessindia

Breaking

Your Ad Here

Thursday, August 26, 2021

कलेक्टर ने किया जिला जेल का निरीक्षण

मण्डला - कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्यालय स्थित जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा कैदियों के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रीमती सिंह ने जेल में रहने वाले कैदियों की अलग-अलग श्रेणीवार विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उप अधीक्षक जेल को निर्देशित किया कि कैदियों का प्रतिमाह अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करें। 

इसी प्रकार महिला कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी नियमित रूप से करें। कलेक्टर ने महिला कैदियों के साथ रहने वाले बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की जानकारी जिला प्रशासन को भेजें। 

प्रशासन द्वारा बच्चों को आंगनवाड़ी तथा पूरक पोषण आहार सहित पात्रतानुसार अन्य लाभ दिये जाऐंगे। श्रीमती सिंह ने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि कैदियों की स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नियमित रूप से डॉक्टर की ड्यूटी लगाएं। इसी प्रकार जेल में स्वास्थ्य गतिविधियों के समन्वय के लिए कम्पाऊँडर की नियुक्ति करें।

टीकाकरण कार्य का जायजा लिया

 कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जेल परिसर में कैदियों के लिए लगाए गए कोविड टीकाकरण सत्र का जायजा लिया। उन्होंने टीकाकरण स्टॉफ को निर्देशित किया कि प्रत्येक कैदी का टीकाकरण के पूर्व अनिवार्यतः स्वास्थ्य परीक्षण करें।

इसी प्रकार सेकण्ड डोज के लिए पात्र कैदियों को समय पर दूसरा डोज जरूर लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने उप अधीक्षक को जेल परिसर में कोविड प्रोटोकॉल तथा अन्य जरूरी स्वास्थ्य जागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने जेल परिसर में बनाए गए नए बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने नए बैरकों की क्षमता के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि इन बैरकों में अतिरिक्त कैदियों को शिफ्ट कराएं। 

कलेक्टर ने महिला कैदियों को नए बैरक में शिफ्ट करने संबंधी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने शौचालय, पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, तहसीलदार श्री चक्रवर्ती, नायब तहसीलदार निर्मल पटले उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment